रामनगर में जनपद स्तरीय पांच दिवसीय सरस मेले का विधिवत उद्घाटन
नैनीताल 21 अगस्त - जनपद स्तरीय सरस मेला-2026 का रामनगर में विधिवत उद्घाटन विधायक दीवान सिंह बिष्ट के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। रामनगर डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय मेले में विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के साथ प्रतिभाग किया। मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा, खाद्य पदार्थ, जैविक उत्पाद "लखपति दीदी" द्वारा तैयार किए गए उत्पादों सहित अनेक स्टॉल लगाए गए हैं, जो मेले का मुख्य आकर्षण बने हुए हैं।
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि आज पूरे नैनीताल की महिला समूहों का यह कार्यक्रम है। मैं माo मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहता हूं जो हमारी मातृशक्ति है, महिलाओं का उत्थान, उनका सामाजिक और आर्थिक स्तर कैसे ठीक किया जाए, कैसे उनको आगे बढ़ाया जाए, इसके लिए लगातार प्रयासरत है। 2023-24 में सरस मार्केट का शुभारंभ किया गया था, जिससे महिला समूहों को आर्थिक और राजनीतिक रूप से सहयोग मिला। आज 2026-27 में भी सरस मेले को जिला स्तर पर आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री जी की अपेक्षा है कि लखपति दीदियां अब करोड़पति दीदी बनें। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर उनके उत्पादों को बाजार और ब्रांड मिले।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। सरस मेला ऐसे ही मंच है जहां महिला स्वयं सहायता समूह अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा सकते हैं। लखपति दीदी योजना के तहत महिलाएं अब आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और यह मेला उनकी मेहनत का परिणाम है। मेले में 50 स्टॉल लगे हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों के 25 और दूसरे उद्यमियों के स्टॉल शामिल हैं। जिले की सभी महिला समूहों को इस मंच के माध्यम से अपने उत्पादों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग के अवसर मिल रहे हैं। विभाग द्वारा उन्हें तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है और विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति व लोकगायिका माया उपाध्याय के कुमाऊनी गीतों ने मन मोह लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष अकरम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र खाती, किसान आयोग के सदस्य संजय डॉर्बी, दिनेश मेहरा, परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत, डीडीओ संतोष पंत, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल, बीडीओ गिरीश पांडे सहित क्षेत्र से आए जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।