जनपदवार सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को दिए निर्देश
नैनीताल 11 अगस्त - कुमाऊं आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में निर्माण विंग, उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से कुमाऊं मंडल में 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत के निर्माणाधीन कार्यों की मंडल स्तरीय प्रगति समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर पूर्ण गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य सम्पन्न करने के निर्देश दिए।
उत्तराखंड पेयजल निगम के महाप्रबंधक द्वारा अवगत कराया कि कुमाऊं मंडल के अंतर्गत 52 निर्माण कार्य संचालित हैं। इनमें से 48 कार्य वर्तमान में गतिमान हैं। जनपदवार समीक्षा के दौरान बताया गया कि ऊधम सिंह नगर में 07, चंपावत में 15 तथा नैनीताल में 7 और अल्मोड़ा, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में क्रमशः 6, 1 व 5 कार्य वर्तमान में निर्माणाधीन हैं। समीक्षा के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सभी निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य अभियंता पेयजल निगम आलोक कुमार, महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम अनुज पांडे, अधीक्षण अभियंता अल्मोड़ा संदीप कश्यप, अधीक्षण अभियंता ऊधम सिंह नगर मनीष करारा, अधीक्षण अभियंता हल्द्वानी ए.के. कटारिया, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या राजेंद्र तिवारी, प्रोजेक्ट मैनेजर रुद्रपुर नरेंद्र नवानी, प्रोजेक्ट मैनेजर हल्द्वानी एस.पी. बडोनी, प्रोजेक्ट मैनेजर खेल इकाई रविंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।