बाघ के जानलेवा हमले से हुई दर्दनाक मृत्यु

       हल्द्वानी 12 फरवरी- गांधी आश्रम फतेहपुर क्षेत्र में ग्राम पीपल पोखरा नंबर एक निवासी गंगा देवी पत्नी प्रेम भारती की पत्नी गंगा देवी पर बाघ ने जानलेवा हमला किया जिसमे उनकी दर्दनाक मृत्यु हुई। इस हृदयविदारक घटना की लहर पूरे क्षेत्र में फैल गई और अचानक परिवार की खुशिया मातम में बदली यह परिवार की अपूरणीय क्षति है। वन विभाग की लापरवाही के चलते हर महीनें गांववासीयो को बाघ अपना निवाला बना रहा है, पूर्व में भी वन क्षेत्र में बाघ/गुलदार के हमलों में सात लोगों की जान जा चुकी है। वन विभाग द्वारा कोई ठोस, प्रभावी एवं स्थायी कदम नहीं उठाया गया। लगातार हो रही ऐसी घटनाएँ स्पष्ट संकेत देती हैं कि विभाग ने पूर्व की त्रासदियों से कोई सबक नहीं लिया तथा क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों की लगातार मिल रही सूचनाओं के बावजूद प्रभावी गश्त, सुदृढ़ निगरानी तंत्र एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित नहीं किए गए।

   क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि वन विभाग तत्काल पीड़ित परिवार को उचित एवं पर्याप्त मुआवज़ा प्रदान करे। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा आदमखोर/खूंखार घोषित किए जाने योग्य तेंदुए/गुलदार के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए उनको मार गिराने या पकड़ने का आदेश शीघ्र जारी किया जाए। ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु सरकार एवं संबंधित विभागों को संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ ठोस एवं स्थायी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो।