मॉल रोड नैनीताल का नया डिजाइन तैयार

      नैनीताल 18 अगस्त - मॉल रोड नैनीताल जो विगत वर्षों से क्षतिग्रस्त चली आ रही है अब पुनर्निर्माण को लेकर प्रशासन द्वारा गुणवत्ता और समय सीमा के अंदर कार्य को पूर्ण करने के लिए जोर दिया जा रहा है। जिलाधिकारी नैनीताल ने बताया कि मॉल रोड नैनीताल की लाइफ लाइन है और आमजनमानस की आवाजाही के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। माॅल रोड मजबूत व टिकाऊ हों इसलिए टीएचडीसी द्वारा तकनीकी सर्वेक्षण कराकर विशेषज्ञता के आधार पर नया डिजाइन तैयार किया गया है।  

    वर्तमान में कार्य में गुणवत्ता और तीव्रता सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि 122 एंकर लगने थे जो पूर्ण लगा दिए गए हैं। इसके साथ ही ग्राउंडिंग का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। पाइलिंग का कार्य किया जा रहा है, 51 में से 36 पाइलिंग हो गई है। इसके पश्चात स्लैब का कार्य किया जाएगा।  

  जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य टिकाऊ हो, गुणवत्ता के साथ हो और निर्धारित समय अवधि में पूर्ण हो जाए और प्रशासन का प्रयास है कि जनता को जल्द से जल्द सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।