जन संवाद कार्यक्रम में समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना
बेतालघाट/ नैनीताल 19 जून- जनपद में चलाए जा रहे ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के क्रम में शुक्रवार को विकास खण्ड सभागार बेतालघाट में भव्य जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माo मंत्री, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा विभाग, उत्तराखंड सरकार तथा प्रभारी मंत्री जनपद नैनीताल खजान दास ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मंत्री ने क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मंत्री श्री दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मूलमंत्र पर चलते हुए पिछले 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व विकास किया है। इसी संकल्प के अंतर्गत आज उत्तराखंड राज्य भी विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचे।
मंत्री श्री दास ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी भेंट कर क्षेत्र में संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और जनता को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना सहित अन्य प्रमुख योजनाओं के लाभ एवं उपलब्धियों से अवगत कराया और जन संवाद कार्यक्रम में जनपद एवं विकास खण्ड बेतालघाट क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों व जन कल्याणकारी योजनाओं को परखा। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करते हुए जनता को योजनाओं की खूबियां से अवगत कराया और बताया कि किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ लेकर हम अपने भविष्य को बेहतर कर सकते हैं।
जनसंवाद कार्यक्रम में कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग, उद्योग विभाग, बाल विकास परियोजना, पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग,खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सिंचाई आदि विभागों द्वारा विकासखंड बेतालघाट में शिविर लगाकर आम जनमानस को सरकार की विभिन्न विकासकारी एवं जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा लाभ प्रदान किया। शिविर में प्रमुखता से क्षेत्र में सड़क पेयजल स्वास्थ्य सिंचाई संबंधित शिकायतों को प्रमुखता से रखा गया इस संबंध में माननीय मंत्री ने प्राप्त समस्याओं का तत्काल समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया, और कहा कि अधिकारी जनता समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान करें।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आपसी सामजस्य एवं समन्वय के साथ कार्य कर क्षेत्र को विकास के क्षेत्र में आगे ले जाएं। मंत्री श्री दास ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता के कार्यों को सर्वोपरि मानते हुए तय समय पर उनको पूर्ण करें।
कार्यक्रम में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, शांति महरा, भावना मेहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, सदस्य जिला पंचायत तरुण शर्मा, यशपाल आर्य, राजू जैड़ा, गोपाल जैड़ा, आनंद रावत, उपजिलाधिकारी कैंचीधाम दिव्यांशु मीणा, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, खण्ड विकास अधिकारी पंकज जोशी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे