जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा बैठक में, ली विस्तृत जानकारी

       हल्द्वानी 20 जून- नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने शनिवार को हल्द्वानी सिंचाई विभाग के पीआईयू हाल दमुवादूंगा में  बैठक कर जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान सांसद अजय भट्ट ने सिंचाई विभाग, कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। बांध के मुख्य अवयवों, सुरंग, स्पिलवे एवं पावर हाउस के निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की।

    सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजा वितरण एवं विस्थापन संबंधी प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के साथ साथ परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु कार्यदायी संस्थाओं को मैनपावर व मशीनरी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देश दिए कि  कैचमेंट एरिया ट्रीटमेंट एवं पर्यावरणीय शर्तों के अनुपालन के अनुसार ही कार्य किया जाए। सांसद अजय भट्ट ने जमरानी बांध परियोजनाओं में आने वाली वन विभाग से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु  दूरभाष पर सचिव  वन उत्तराखंड शासन आर के सुधांशु से वार्ता की और वन भूमि से संबंधित आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु निर्देश दिए।जिस पर सचिव द्वारा कार्यों को अति शीघ्र पूर्ण करने हेतु आश्वस्त किया।

    सांसद अजय भट्ट ने बताया कि जमरानी बांध  उत्तराखंड राज्य  के लिए लाइफलाइन परियोजना है। इस कार्य के पूर्ण होने से हल्द्वानी-लालकुआं क्षेत्र सहित तराई-भाबर एवं उत्तर प्रदेश के दो जनपदों को सिंचाई व पेयजल की सुविधा मिलेगी, साथ ही 14 मेगावाट जल विद्युत का उत्पादन होगा और बाढ़ नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। समीक्षा बैठक के दौरान सांसद  ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो तथा परियोजना से जुड़ी सभी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने  टाइप 4 टाइप 5 आवासीय भवनो का भी  स्थलीय निरीक्षण किया और महाप्रबंधक महेश खरे को आवासीय भवनों का सही तरीके से रखरखाव के साथ-साथ सही उपयोग करने के निर्देश दिए।

  समीक्षा बैठक के दौरान  दर्जा  राज्य मंत्री नवीन वर्मा, हरीश पांडे, महाप्रबंधक जमरानी बाध परियोजना महेश खरे, उप महाप्रबंधक बीबी पांडे, ललित कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर अजय पन्त, हिमांशु पंत, प्रतिभा संत, योगेश कांडपाल के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।