कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय

    अल्मोड़ा 7 अगस्त - मुख्यमंत्री घोषणाओं पर विभागों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी विनीत तोमर ने कहां कि समस्त घोषणाओं में किए गए कार्यों की जानकारी विभागीय अधिकारियों से प्राप्त की और कार्यों को  समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिये। 

   बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियो को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय तथा जो समय अवधि निर्धारित की गयी है उसी के अन्तर्गत सभी विकास कार्य किये जाय। सभी विभाग इस बात का विशेष ध्यान रखे कि किये गये कार्य की प्रगति रिपोर्ट और  व्यय धनराशि रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को समय से भेजी जाए। जिन विभागों में मुख्यमंत्री घोषणायें शासन स्तर पर लंबित है उन घोषणाओं के लिये शासन को समय-समय पर पत्राचार किया जाय। 

    बैठक में जिला विकास अधिकारी एसके पंत सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।